रांची : राम लखन सिंह यादव महाविद्यालय में भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती बड़े उत्साह और गरिमा के साथ मनाई गई। यह कार्यक्रम महाविद्यालय के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन कोषांग (IQAC) एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. अम्बेडकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य डॉ. विष्णु चरण महतो ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जाति कभी भी शिक्षा के मार्ग में बाधा नहीं बननी चाहिए। उन्होंने कहा कि जो विद्यार्थी सभी कठिनाइयों का सामना करते हुए शिक्षा प्राप्त करता है, वही जीवन में बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को डॉ. अम्बेडकर के आदर्शों को अपनाने की सलाह दी। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन कोषांग की समन्वयक डॉ. स्मिता किरण टोप्पो ने डॉ. अम्बेडकर के शिक्षा संबंधी विचारों को विस्तार से प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि डॉ. अम्बेडकर आज के युवाओं के लिए एक प्रेरणास्रोत हैं। विद्यार्थियों को न केवल शिक्षा प्राप्त करनी चाहिए, बल्कि चरित्र निर्माण और समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाने की दिशा में भी आगे बढ़ना चाहिए।
इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें पोस्टर मेकिंग, निबंध लेखन एवं ओपन क्विज प्रतियोगिता शामिल थीं। पोस्टर मेकिंग का विषय था “शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो” जबकि निबंध लेखन का विषय “भारत में समानता और सामाजिक न्याय के संदर्भ में डॉ. अम्बेडकर की भूमिका” रखा गया था। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में दीक्षिता ने प्रथम, कनुप्रिया ने द्वितीय और इशिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं निबंध लेखन प्रतियोगिता में आलिया नाज प्रथम, अंश द्वितीय और मुक्ता तृतीय स्थान पर रहीं। सभी विजेताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। ओपन क्विज प्रतियोगिता का संचालन एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. मनीष चंद्र टुडू द्वारा किया गया, जिसमें डॉ. अम्बेडकर से संबंधित प्रश्न पूछे गए। इस प्रतियोगिता में मोहन रविदास, आलिया सहित अन्य विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अधिकतम प्रश्नों के सही उत्तर दिए। कार्यक्रम के अंत में लाइब्रेरी समिति के अध्यक्ष डॉ. आगा जफर ने विद्यार्थियों को सूचित किया कि महाविद्यालय में प्रत्येक महीने पुस्तक चर्चा का आयोजन किया जाएगा, जिसकी शुरुआत अगले सप्ताह से की जाएगी। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती नीतू कुमारी ने कुशलतापूर्वक किया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. रुचिका द्वारा किया गया। इस कार्यक्रम में एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. कुमारी रीता, डॉ. नैन्सी तिर्की, डॉ. सुबोध दास, डॉ. शशि शेखर, डॉ. अजीत मुंडा, डॉ. चेतना सागर, डॉ. माधुरी सहित महाविद्यालय परिवार के सभी शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

