बिहार. बिहार के बेगूसराय जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 31 पर एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें होमगार्ड जवानों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई. बुधवार सुबह हुई इस घटना में सभी 54 होमगार्ड जवान जख्मी हो गए. इनमें से चार की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है, जबकि 20 से अधिक जवानों को गंभीर चोटें आई हैं. इस हादसे में एक स्थानीय महिला की भी मौत हो गई है.
इस दुर्घटना के बारे में जानकारी देते हुए होमगार्ड के जवान प्रेमचंद कुमार ने बताया कि हम सभी बलिया ट्रेनिंग सेंटर से बेगूसराय कैंप की ओर जा रहे थे. अचानक एक बाइक बस के सामने आ गई, जिसे देखकर ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया और बस गड्ढे में जा गिरी. इस दुर्घटना में 20 से अधिक जवान जख्मी हो गए, और चार की स्थिति नाजुक बनी हुई है. दुर्भाग्यवश, इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई.
मृतक महिला की पहचान खगड़िया निवासी रोशनी देवी के रूप में हुई है. उनके पति रणवीर यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वह अपनी पत्नी और बेटे के साथ बाइक पर बेगूसराय जा रहे थे, जब पीछे से आ रही होमगार्ड की बस ने उन्हें टक्कर मार दी. इस टक्कर के कारण रोशनी देवी की मौत हो गई, जबकि रणवीर यादव और उनका बेटा जख्मी हो गए.

