रांची: राम लखन सिंह यादव कॉलेज, रांची में आज दिनांक 28 नवंबर 2025 को एक महत्वपूर्ण सामाजिक व स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम आईक्यूएसी, एनएसएस (दोनों इकाइयाँ) और एनसीसी के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में सदर अस्पताल राँची की टीम ने राउंडटेबल, लेडीज सर्कल इंडिया तथा लाइफ़ सेवर्स राँची के सहयोग से रक्तदान शिविर और डेंटल जाँच शिविर का संचालन किया। शिविर में सदर अस्पताल की ओर से डॉ. अनिकेत, डॉ. मुशाब, दो नर्सों और तीन सहयोगी कर्मियों ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम द्वारा विद्यार्थियों और स्टाफ को रक्तदान के महत्व, दंत स्वास्थ्य की देखभाल और नियमित जांच की आवश्यकता के बारे में विस्तृत जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में कॉलेज के अनेक विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों और कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से भाग लेकर अपना योगदान दिया। कई विद्यार्थियों ने पहली बार रक्तदान किया और इसे एक प्रेरणादायक अनुभव बताया। डेंटल जाँच केंद्र पर भी छात्रों की लंबी कतार दिखी, जहाँ उन्हें दंत स्वास्थ्य, कैविटी, मसूड़ों की समस्याओं तथा उपचार संबंधी सुझाव दिए गए।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विष्णु चरण महतो ने कार्यक्रम की सफलता पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर न केवल जागरूकता बढ़ाते हैं, बल्कि छात्रों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने सदर अस्पताल राँची तथा सहयोगी संस्थाओं के प्रति कृतज्ञता प्रकट की। कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. स्मिता किरण टोप्पो, एनएसएस इकाई–1 की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. कुमारी रीता, इकाई–2 के डॉ. मनीष चंद्र टूडू, डॉ. भावना कुमारी, डॉ. अजीत मुंडा, सुनील कुमार, समाजसेवी संतोष महतो, पौरुष जैन तथा अन्य शिक्षकों और कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा।
शिविर के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह देखते बन रहा था। कॉलेज परिसर पूरे दिन सकारात्मक ऊर्जा और मानव सेवा की भावना से सराबोर रहा। इस सफल आयोजन के साथ राम लखन सिंह यादव कॉलेज ने एक बार फिर सामाजिक उत्तरदायित्व और जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को सार्थक रूप से प्रदर्शित किया।

