रांची: रांची यूनिवर्सिटी इंटर कॉलेज क्रिकेट टूर्नामेंट (पुरुष वर्ग) के लिए राम लखन सिंह यादव कॉलेज, रांची में खिलाड़ियों के चयन हेतु ट्रायल का आयोजन किया गया। इस चयन प्रक्रिया की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य डॉ. विष्णु चरण महतो ने की। उन्होंने चयनित खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम में विशेष सहयोग और उपस्थिति के लिए विशिष्ट समाजसेवी संतोष महतो का भी स्वागत किया गया। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन, परिश्रम और निरंतर अभ्यास के महत्व पर प्रेरित किया। इस ट्रायल में कॉलेज के विभिन्न विभागों के प्रतिभाशाली छात्रों ने भाग लिया, जिसमें से 16 खिलाड़ियों को आगामी रांची विश्वविद्यालय क्रिकेट टूर्नामेंट में कॉलेज का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुना गया। चयन टीम ने खिलाड़ियों के तकनीकी कौशल, फिटनेस, बल्लेबाजी, गेंदबाजी, फील्डिंग एवं टीम भावना के आधार पर मूल्यांकन किया।
प्राचार्य डॉ. महतो ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व कौशल, सामूहिकता और शारीरिक–मानसिक विकास को मजबूत बनाता है। उन्होंने खिलाड़ियों को कड़ी मेहनत और नियमित अभ्यास के साथ कॉलेज का नाम रोशन करने की प्रेरणा दी। चयन प्रक्रिया कॉलेज स्पोर्ट्स कमिटी और शारीरिक शिक्षा विभाग के संयुक्त सहयोग से संपन्न हुई। इस अवसर पर स्पोर्ट्स इंचार्ज डॉ. दीपक परामाणिक, पीटीआई श्री रामप्रसाद शाह, तथा खेल विशेषज्ञों और शिक्षकों की टीम मौजूद रही। चयन समिति में डॉ. पी.पी. आशुतोष, डॉ. मनीष चंद्र टुडू, डॉ. अजीत मुंडा, डॉ. राजकुमार पाणिग्रही, डॉ. आरती कुमारी, डॉ. चक्षु पाठक, विक्रांत कुमार सहित प्रधान सहायक सुनील पासवान भी शामिल थे। कॉलेज स्पोर्ट्स कमिटी ने खिलाड़ियों को आगामी टूर्नामेंट के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर, फिटनेस सत्र एवं कोचिंग प्रदान करने की घोषणा की।

